रचना के आधार पर वाक्य-भेद
सार्थक शब्दों का वह व्यव्यस्थित समूह जो पूर्ण अर्थ प्रकट करता है, वह वाक्य कहलाता है |
जैसे ----- वह बाज़ार जाता है |
पक्षी आकाश में उड़ते है |
रचना के आधार पर वाक्य के भेद –सरल , संयुक्त एवं मिश्र
1) सरल वाक्य–जिस वाक्य में एक ही उद्देश्य और एक ही विधेय हो उसे सरल वाक्य कहते है | जैसे:-
• सूर्योदय होने पर अंधकार मिट गया |
• वे वहां क्यों गए हैं ?
• बच्चें दूध नहीं पीते हैं |
• आयुष पढ़ रहा है |
2) संयुक्त वाक्य– संयुक्त वाक्य उस वाक्य को कहते हैं जिसमे दो या दो से अधिक सरल वाक्य अथवा मिश्र वाक्य एक दूसरे पर आधारित न होकर किसी योजक से जुड़े हों |जैसे :-
• वर्षा हुई और धूल बैठ गई |
• सत्य बोलना चाहिए पर अप्रिय सत्य नहीं |
• वे बीमार हैं अतः आने में असमर्थ हैं|
• आज परीक्षा है इसीलिए विद्यालय जा रहा हूँ |
3) मिश्र वाक्य– जिस वाक्य में एक प्रधान वाक्य और एक या अनेक आश्रित उपवाक्य होते है , उसे मिश्र वाक्य कहते हैं | जैसे :-
• तुमने जैसा किया था, वैसा फल मिल गया |
• जो परिश्रम करेगा , वह अवश्य सफल होगा |
• जब-जब वर्षा होती है मेंढक टर्राते हैं |
• यदि मैं परिश्रम करता तो सफल हो जाता |
वाक्य के अंग या घटक
वाक्य के दो अंग होते हैं :-
i. उद्देश्य–जिसके बारे में कुछ कहा जाए या बताया जाए उसे उद्देश्य कहते हैं|
जैसे –रमा खाना पकाती है |
मोहन चित्र बनता है |
ii. विधेय- वाक्य में उद्देश्य के बारे में जो कुछ कहा जाये उससे विधेय कहते हैं|
जैसे – सूरज पूरब में निकला |
चाँद छिप गया है |
वाक्य में आकांक्षा, योग्यता और आसक्ति का होना आवश्यक है |
आश्रित उपवाक्य के भेद
आश्रित उपवाक्य तीन प्रकार के होते हैं :-
संज्ञा आश्रित उपवाक्य
विशेषण उपवाक्य
क्रिया विशेषण उपवाक्य
1) संज्ञा आश्रित उपवाक्य– जब आश्रित वाक्य सकर्मक क्रिया का कर्म या अकर्मक क्रिया का कर्ता , या पूरक बनकर आता है | यह प्रायः “कि” से जुड़ा होता है | जैसे :-
• प्रधानाचार्य ने कहा कि कल स्कूल बंद है |
• पुलिस को विश्वास था किवह अवश्य पकड़ा जायेगा |
( कहीं-कहीं संज्ञा उपवाक्य से पहले “कि” अदृश्य होता है | )
2) विशेषण उपवाक्य– जो आश्रित वाक्य मुख्य वाक्य की किसी संज्ञा के विशेषण का काम करे उसे विशेषण उपवाक्य कहते हैं | यह प्रायः जो से , जो के यौगिक रूपों से बनता है | जैसे :-
• वह ठेकेदार भाग गया जो कल काम पर आया था |
• वे छात्र सफल हो गए जो दिन-रात एक कर रहे थे |
• वह चोर पकड़ा गया जिसने कार चुराई थी |
3) क्रियाविशेषण उपवाक्य– जो आश्रित वाक्य किसी क्रिया के विशेषणका कार्य करे , उसे क्रियाविशेषण उपवाक्य कहते हैं | यह वाक्य जब-जब , ज्यों-ज्यों , त्यों-त्यों , तब-तब इत्यादि से जुड़ा रहता है | जैसे :-जब-जब पूछोगे अवश्य बतलाता रहूँगा |
जैसा वह लिखता है मैं भी वैसा लिखता हूँ |
क्रिया विशेषण मुख्य रूप से पांच प्रकार के होते हैं –
(क) कालवाचक क्रिया विशेषण उपवाक्य–
जब आप आये थे , मैं पढ़ रहा था |
मैं जैसे ही स्टेशन पर पहुंचा , वैसे ही गाड़ी चलने लगी |
(ख) स्थानवाचक क्रिया विशेषण उपवाक्य–
जिस विद्यालय में तुम पढ़ते हो , उसी में मैं पढ़ाता हूँ
यह वही मकान है , जहाँ आप पहले रहते थे |
(ग) रीतिवाचक क्रिया विशेषण उपवाक्य
जैसा मालिक चाहता है , वैसा ही काम करो |
जैसा लता जी गाती हैं , वैसा कोई नहीं गाता |
(घ) परिमाणवाचक क्रिया विशेषण उपवाक्य
जितना तुम खा सकते हो , उतना खा लो |
वह उतना ही अधिक थकेगा , जितना अधिक दौड़ेगा |
(ङ) परिणामवाचक क्रिया विशेषण उपवाक्य
वह आज इसलिए आएगा क्योंकि विद्यालय में मीटिंग हैं |
दरवाज़ा बंद कर दो ताकि मच्छर न आ सकें |
वाक्य रूपांतरण के कुछ उदहारण
सूर्योदय हुआ | अँधेरा गायब हो गया |
सरल वाक्य – सूर्योदय होने पर अँधेरा गायब हो गया |
मिश्र वाक्य – जैसे ही सूर्योदय हुआ अँधेरा गायब हो गया |
संयुक्त वाक्य – सूर्योदय हुआ और अँधेरा गायब हो गया |
गौरव चार दिन गाँव में रहा | वह सबका प्रिय हो गया |
सरल वाक्य – गौरव चार दिन गाँव में रहकर सबका प्रिय हो गया |
मिश्र वाक्य – जब गौरव चार दिन गाँव में रहा तब वह सबका प्रिय हो गया |
संयुक्त वाक्य –गौरव चार दिन गाँव में रहा और सबका प्रिय हो गया |
अभ्यास प्रश्न
1) लता यहाँ आई और रेखा बाहर गई |
रचना के आधार पर सही वाक्य भेद है |
(क) सरल वाक्य (ग) संयुक्त वाक्य
(ख) मिश्र वाक्य (घ) संज्ञा उपवाक्य
2) रचना की दृष्टि से वाक्य भेद है –
(क) दो (ग) चार
(ख) तीन (घ) पांच
3) विधेयके अंतर्गत नहीं आता –
(क) पूरक (ग) क्रिया का विस्तार
(ख) कर्म (घ) जिसके बारे में कुछ कहा जाए
4) उद्देश्य में सम्मिलित नहीं है –
(क) कर्ता का विस्तार
(ख) कर्ता
(ग) जिसके बारे में कुछ कहा जाए
(घ) कर्म का विस्तार
5) एक प्रधान उपवाक्य और एक या एक से अधिक आश्रित उपवाक्य होते हैं –
(क) संयुक्त वाक्य में
(ख) विशेषण वाक्य में
(ग) मिश्र वाक्य में
(घ) लघु वाक्य में
6) रमा ज्यों ही घर पहुंची , वर्षा शुरू हो गई |
रेखांकित उपवाक्य का भेद है –
(क) संज्ञा आश्रित वाक्य
(ख) विशेषण आश्रित उपवाक्य
(ग) समानाधिकरण उपवाक्य
(घ) क्रिया-विशेषण उपवाक्य
7) नीचे लिखे वाक्यों में कुछ सरल , संयुक्त एवं मिश्र वाक्य है | उन्हें छांट कर लिखें-
(क) मैं चाहता हूँ कि तुम परिश्रम करो | ( _______________ )
(ख) वह आदमी पागल हो गया है | (__________________)
(ग) आपकी वह कुर्सी कहाँ है जो आप कलकत्ता से लाये थे ? (_____________)
(घ) हमारे मित्र कल यहाँ से जायेंगे और आगरा पहुँच कर ताजमहल देखेंगें| (____)
(ङ) अपना काम देखो या शांत बैठे रहो | (__________)
उत्तर संकेत
1) (ग) 2) ख 3) घ 4) घ 5) ग 6) घ 7)(क) मिश्र (ख)सरल (ग) मिश्र (घ) संयुक्त
Thanks sir
जवाब देंहटाएंIt was helpful..thankyou sir😊
जवाब देंहटाएंthanks sir
जवाब देंहटाएंthanks very much sir
जवाब देंहटाएंThanks very much sir.
जवाब देंहटाएं